कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए करें ये 5 योगासन, जल्द मिलेगी राहत


कब्ज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए करें ये 5 योगासन, जल्द मिलेगी राहत

आजकल की बदलती जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतों की वजह से कब्ज, अपच और गैस जैसी पेट संबधी समस्याएँ आम हो गई हैं। बड़ी संख्या में लोग कब्ज की समस्या से का शिकार हो रहे हैं। आजकल बड़े-बुजुर्गों में ही नहीं बच्चे में भी यह समस्या बहुत आम हो गई है। अगर समय रहते इसका सही इलाज ना किया जाए तो कब्ज की वजह से बवासीर, शरीर में दर्द, सिरदर्द और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं। कब्ज से छुटकारा पाने के लिए आपको अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। कब्ज के दौरान जंक फ़ूड और तली-भुनी चीज़ें नहीं खानी चाहिए। खान-पान के साथ-साथ योग से भी कब्ज को जड़ से खत्म किया जा सकता है। आज के इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे योगासन बताने जा रहे हैं जिनसे आपको कब्ज की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी -    


पवनमुक्तासान

इस आसान को करने के लिए जमीन पर पीठ के बल लेट जाएं। ध्यान रखें कि आपके दोनों हाथ शरीर के साथ सटे रहने चाहिए। अब गहरी सांस अंदर लेते हुए दाएं पैर को घुटने से मोड़ें। इसके बाद अपने दोनों हाथों से घुटने को पकड़ें और उसे छाती से लगाने की कोशिश करें। अब धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए सिर को उठाइए और नाक को घुटने से स्पर्श कराने की कोशिश करें। कुछ सेकंड तक इसी अवस्था में रहें। अब सांस छोड़ते हुए अपने पैर और सिर को प्रारंभिक अवस्था में ले आएं। इसके बाद बाएं पैर के साथ यही प्रक्रिया दोहराएं। फिर दोनों पैरों को एक साथ लेकर यह प्रक्रिया करें। इस आसान को करीब 3-5 बार दोहराएं।


सुप्त बद्धकोणासन

इस आसान को करने के लिए सबसे पहले शवासन की मुद्रा में लेट जाएं। अब पीठ को हल्का-सा ऊपर की ओर उठाएं। इसके बाद अपने दोनों पैरों को घुटने से मोड़ें और दोनों तलवों को आपस में जोड़ते हुए एड़ियों को कुल्हे के पास ले आएं। ध्यान दें कि आपके पैरों के तलवे जमीन से सटे होने चाहिए।

अब दोनों हाथों को सिर के पीछे की ओर सीधा फैला दें। जितना संभव हो एड़ियों को दोनों कूल्हों के बीच वाले भाग में सटाकर रखने की कोशिश करें।

कुछ सेकंड इसी अवस्था रहें। इस दौरान सामान्य तरह से सांस लेते रहें। अब धीरे-धीरे अपनी प्रारंभिक अवस्था में लौट आएं। इस आसान को करीब 3-5 बार दोहराएं।

 

इसे भी पढ़ें: छोटी-छोटी बात पर गुस्सा आता है तो करें ये योग के योगासन और योग मुद्राएँ


हलासन

इस आसान को करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं और दोनों हाथों को शरीर के साथ सटाकर रखें।

अब सांस लेते हुए धीरे-धीरे अपने पैरों को ऊपर की ओर उठाते हुए 90 डिग्री का कोण बनाएं। फिर सांस छोड़ते हुए पैरों को सिर की तरफ लाते हुए पैरों की उंगलियों को जमीन से स्पर्श कराने का प्रयास करें। कुछ सेकंड इसी मुद्रा में रहें और सामान्य रूप से सांस लेते रहें। फिर सांस लेते हुए धीरे-धीरे प्रारंभिक  अवस्था में लौट आएं। इस प्रकार एक चक्र पूरा हो जाएगा। इस आसान के 4-5 चक्र किए जा सकते हैं।


बालासन

इस आसान को करने के लिए जमीन पर वज्रासन में बैठ जाएं। अब सांस लेते हुए अपने हाथों को ऊपर की ओर उठाएं। फिर सांस छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें और माथे को जमीन से लगाने की कोशिश करें। अब अपने दोनों हाथों व कोहनियों को भी जमीन पर आराम से रखें। कुछ सेकंड इसी अवस्था में रहें और सामान्य रूप से सांस लेते रहें। अब धीरे-धीरे प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं। इस आसान को करीब 3-5 बार दोहराएं।


उत्तानपाद आसन

इस आसान को करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। अब दोनों पैरों को मिलाएं और 40-60 डिग्री पर एकदम सीधा उठाएं। ध्यान रहे कि ये करते समय आपकी मुद्रा सीधी होनी चाहिए। अब गहरी सांस भरें और दोनों पैरों को ऊपर उठाएं। कुछ सेकंड तक इसी मुद्रा में रहें। अब साँस छोड़ते हुए पैरों को प्रारंभिक अवस्था में ले आएं। इस आसान को करीब 3-5 बार दोहराएं।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Related Posts