CLOSE

गले और छाती में जमे बलगम से परेशान हैं तो अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, जल्द मिलेगी राहत

By Healthy Nuskhe | May 05, 2021

क्या आपको भी गले और छाती में कुछ अटका हुआ सा महसूस होता है? अगर आप को सांस लेने में तकलीफ महसूस होती है और साथ ही गले में खराश और नाक बहने की भी समस्या है तो यह बलगम के लक्षण हैं। हालांकि, बलगम की समस्या ज्यादा गंभीर नहीं होती है लेकिन लंबे समय तक बलगम जमने से आपको सांस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। बलगम की समस्या में अक्सर लोग कफ सिरप और दवाइयों आदि इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, किचन में मौजूद कुछ खाद्य पदार्थों के सेवन से भी आप बलगम को बाहर निकाल सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको बलगम दूर करने के कुछ आसान घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं।  

अदरक
अदरक का इस्तेमाल प्राकृतिक डीकंजेस्टन्ट और एंटीहिस्टामाइन के रूप में किया जा सकता है। अदरक के एंटीवायरल और एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो टॉक्सिन्स को शरीर से बाहर निकालने और बलगम को दूर करने में मदद करते हैं। बगलम से छुटकारा पाने के लिए एक चम्मच अदरक के रस को एक चम्मच शहद के साथ मिलाकर इसका सेवन करें। इसके अलावा आप दिन में अदरक की चाय पी सकते हैं।

लहसुन
यह तो आप जानते ही होंगे कि लहसुन हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। लहसुन को एक प्राकृतिक एक्सपेक्टोरेंट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है,जो कफ के जमाव को तोड़ने में मदद कर सकता है। लहसुन के एंटी-माइक्रोबियल गुण वायरल, फंगल और बैक्टीरियल संक्रमणों से लड़ने में मदद कर सकते हैं। अपने आहार में अधिक लहसुन शामिल करने से शरीर से अतिरिक्त कफ को खत्म करने में मदद मिल सकती है।

अनानास 
अनानास का फल न केवल खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि यह बलगम को खत्म करने में भी मदद कर सकता है। अनानास के रस में ब्रोमेलैन नामक एंजाइम पाया जाता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लामेटरी गुण अस्थमा और एलर्जी से जुड़ी साँस से संबंधित समस्याओं में मदद कर सकते हैं। अनानास के रस में म्यूकोलाईटिक गुण भी होते हैं जो बलगम को तोड़ने और बाहर निकालने में मदद कर सकते हैं।

गर्म दूध 
गर्म दूध भी बलगम की समस्या में मदद कर सकते हैं। गर्म दूध में शहद, हल्दी और काली मिर्च मिलाकर पीने से छाती में जमे बलगम को तोड़ने में मदद मिलती है। हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो बैक्टीरिया करते हैं। वहीं, काली मिर्च कफ और सर्दी से राहत दिलाती है। 

इलायची
इलायची का सेवन आमतौर पर खाने के बाद किया जाता है। इलायची खाने से भोजन को पचाने में मदद मिलती है। इसके साथ ही इलायची शरीर में अतिरिक्त बलगम के निर्माण को कम करने में मदद कर सकती है। यह बलगम को तोड़कर, शरीर से बाहर निकालने में मदद करती है। 

प्याज 
प्याज का सेवन बलगम को तोड़ने में मदद कर सकता है। प्याज में क्वेरसेटिन नामक पदार्थ होता है जो बलगम को दूर करता है और इसके निर्माण को भी रोकता है। प्याज में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो संक्रमण को रोकने में मदद करते हैं। इसके लिए प्याज का रस निकालें और इसे नींबू के रस, शहद और पानी के साथ मिलाएं। इस मिश्रण को गर्म करें और इस मिश्रण को दिन में 3-4 बार पिएँ।
Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.