Yoga For Eyes: आंखों की पफीनेस दूर करने के लिए रोजाना करें ये योगासन, Eyesight भी बढ़ेगी
- अनन्या मिश्रा
- Jun 12, 2025

कई बार जब हम सोकर उठते हैं, तो हमारी आंखों के नीचे सूजन दिखाई देती है। जिसको पफीनेस कहा जाता है। यह एक आम समस्या होती है, जिसका उम्र से साथ बढ़ना आम होता है। हालांकि ऐसा देर तक रोने, नींद पूरी न होने, किडनी खराब होने या फिर इंफेक्शन की वजह से भी हो सकता है। लेकिन इसके लिए आपको घबराने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आप कुछ योगासन की मदद से आंखों के पफीनेस की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं और इस आसन को करने से आंखों की रोशनी भी अच्छी होगी।
सेतुबंधासन
सेतुबंधासन करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल जमीन पर आराम से लेट जाएं। अब हथेलियों को जमीन पर सटाकर रखें। इस दौरान अपनी दोनों जांघों को आपस में जोड़ते हुए घुटनों को मोड़कर कमर सहित पूरे शरीर को ऊपर की ओर उठाएं। इस दौरान अपनी गर्दन सीधी रखें। ध्यान दें कि सिर को अपने स्थिर रखना है। कुछ सेकेंड इस पोजीशन में रुकें और फिर सामान्य अवस्था में वापस आ जाएं।
बालासन
इस आसन को करने के लिए मैट पर अपने दोनों घुटनों को टेकते हुए एड़ी पर बैठ जाएं। फिर दोनों हाथों को आगे की ओर बढ़ाते हुए माथा जमीन पर टिकाएं। इसके बाद 8-10 बार गहरी सांस लें और इस प्रोसेस को दोहराएं।
पादहस्तासन
पादहस्तासन को करने के लिए सबसे पहले खड़े हो जाएं और दोनों पैरों के बीच दो इंच की दूरी बनाएं। फिर सांस खींचते हुए दोनों हाथों सहित शरीर को ऊपर की ओर ले जाएं। इसके बाद दोनों हाथों को धीरे-धीरे आगे की ओर करते हुए कमर को मोड़ें। अब दोनों हाथों को नीचे की ओर ले जाएं और जमीन को छुएं। इस दौरान हो सके तो घुटनों को नाक से टच करें।
मत्स्यासन
इस आसन को करने के लिए सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं। अब दोनों हाथों को अपने कमर के नीचे रखें। फिर छाती सहित सिर को ऊपर की ओर उठाएं और सिर के ऊपर के हिस्से को जमीन पर टिकाने का प्रयास करते हुए पीठ के निचले हिस्से को दबाएं। वहीं इस दौरान 5-7 बार सांस रोकें और छाती से गहरी सांस लें। अब इस प्रोसेस को रिपीट करें।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।