CLOSE

एसिडिटी की समस्या को छूमंतर कर देंगे ये आसान घरेलू नुस्खे

By Healthy Nuskhe | Jun 19, 2021

ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना खाने के बाद अक्सर एसिडिटी की समस्या हो जाती है। एसिडिटी के कारण पेट में गैस, सांस की बदबू, पेट में दर्द और गले में जलन हो सकती है। दरअसल हमारे पेट की गैस्ट्रिक ग्रंथियां खाना पचाने के लिए एसिड का स्राव करती हैं। लेकिन जब यह स्राव पेट में ज्यादा हो जाता है तो इससे एसिडिटी की शिकायत होती है। एसिडिटी के कारण आप असहज और बीमार महसूस करते हैं। ऐसे में कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर आप एसिडिटी की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको एसिडिटी की शिकायत दूर के लिए कुछ आसान घरेलू नुस्खे बताने जा रहे हैं -

नींबू
नींबू हमारे पाचन तंत्र के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसके क्षारीय गुण पेट में बनने वाले एसिड को कम करने में मदद करते हैं। अगर आप एसिडिटी की समस्या से परेशान हैं तो नींबू पानी का सेवन करें। नींबू के सेवन से एसिडिटी और गैस की समस्या कम होती है। इसके लिए एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच नींबू का रस मिलाकर पिएं।

तुलसी 
एसिडिटी की समस्या में तुलसी का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। तुलसी की पत्तियों के सेवन से एसिडिटी से होने वाली जलन से छुटकारा मिलता है। इसके लिए 3-4 तुलसी के पत्तों को एक कप पानी में उबालें और थोड़ा ठंडा होने के बाद इसे पिएं। ऐसा करने से एसिडिटी और पेट की जलन से जल्द राहत मिलेगी।

सौंफ 
सौंफ हमारे पाचन तंत्र के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है। पेट की अम्लता कम करने के लिए आप सौंफ का सेवन कर सकते हैं। आप खाने के बाद थोड़ी सी सौंफ चबा सकते हैं। या फिर सौंफ की चाय का सेवन भी कर सकते हैं।

गुड़ 
आपने देखा होगा कि खाना खाने के बाद मीठे में गुड़ दिया जाता है। दरअसल, गुड़  हमारे पेट के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। यह पाचन क्रिया को तेज करता है और पेट में एसिड को बढ़ने से रोकता है। अगर आप एसिडिटी की समस्या से परेशान हैं तो खाना खाने के बाद थोड़ा सा गुड़ खाकर एक गिलास पानी पी लें।

अजवाइन 
अजवाइन का इस्तेमाल आमतौर पर खाने में मसाले के रूप में किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह हमारे पेट के लिए भी बहुत फायदेमंद है। एसिडिटी या पेट में जलन होने पर आप अजवाइन के पानी का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए एक चम्मच अजवाइन को एक कप पानी में उबाल लें। जब पानी आधा हो जाए तो इसे गैस से उतार लें और ठंडा कर लें। जब पानी ठंडा हो जाए तो इसमें काला नमक मिलाकर पिएं। ऐसा करने से एसिडिटी की समस्या से जल्द छुटकारा मिलेगा।

अदरक 
एसिडिटी या पेट की जलन से छुटकारा पाने के लिए आप अदरक का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। अदरक में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होते हैं जो पेट के एसिडिटी में आराम पहुंचाते हैं। एसिडिटी होने पर आप अदरक का पानी या अदरक की चाय पी सकते हैं।

छाछ 
छाछ का सेवन भी एसिडिटी की समस्या के लिए एक कारगर घरेलू उपचार है। छाछ में लैक्टिक एसिड होता है जो पेट में बढ़े हुए एसिड को सामान्य करता है। इसलिए अगर आपको एसिडिटी हो पेट में जलन हो रही हो तो एक गिलास छाछ में एक चुटकी काला नमक मिलाकर पिएं।
Copyright ©
Dwarikesh Informatics Limited. All Rights Reserved.