डायबीटीज के मरीजों के लिए रामबाण इलाज है गिलोय, ब्लड शुगर लेवल को करता है कंट्रोल
- Healthy Nuskhe
- Oct 17, 2020

कोरोना महामारी के लिए भले ही अभी तक कोई वैक्सीन ना मिल पाई हो लेकिन लोग कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कई आयुर्वेदिक औषिधियों और घरेलु नुस्खों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसी ही एक चमत्कारी औषधि है गिलोय। इन दिनों आप भी अपने आस-पास के लोगों के मुँह से गिलोय का बखान जरूर सुन रहे होंगे। दरअसल, गिलोय एक बहुत ही उपयोगी और गुणकारी औषधि है। आयुर्वेद में इसे औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है और यही कारण है कि इसे अमृत बेल भी कहा जाता है। गिलोय को अमृता, गुडुची, छिन्नरुहा, जीवन्तिका जैसे कई अन्य नामों से भी जाना जाता है। इसमें कई तरह के औषधीय गुण मौजूद होते हैं जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। गिलोय का उपयोग सिर्फ कोरोना से बचने के लिए ही नहीं किया जा रहा है बल्कि डेंगू, मलेरिया, पीलिया और एनेमिया जैसी कई बीमारियों में इसे कारगर औषधि माना गया है। इतना ही नहीं, डाइबिटीज के मरीजों के लिए गिलोय का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। आइए जानते हैं कि गिलोय के सेवन से डायबिटीज की बीमारी में कैसे लाभ होता है -
आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर अपने स्वास्थ्य की तरफ ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। आज के समय में अधिकतर लोगों के पास डेस्क जॉब होती है जिसके कारण उन्हें घंटो तक बैठे रहना पड़ता है। हमारी गलत जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतों की वजह से हम कई बीमारियों को निमंत्रण दे बैठते हैं। शारीरिक गतिविधि कम होने के कारण हमारे शरीर में मौजूद ग्लूकोस ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं हो पाता है जिसके कारण खून में शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। लंबे समय तक खून में शुगर की मात्रा बढ़ने से डायबिटीज की समस्या हो जाती है। डायबिटीज के मरीजों के लिए गिलोय का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। डॉक्टर्स के मुताबिक गिलोय में पर्याप्त मात्रा में हाइपोग्लाईसेमिक एजेंट पाए जाते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। गिलोय शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस कम करने में मदद करती है इसलिए टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों को गिलोय जूस का सेवन करने की सलाह दी जाती है।
इसे भी पढ़ें: स्वास्थ्य के लिए अमृत से कम नहीं है गिलोय, जानें इसके लाभ और सेवन का सही तरीका
इसके अलावा गिलोय का सेवन पाचन संबंधी समस्याओं के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। गिलोय पाचन शक्ति को भी मजबूत करता है जिससे ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। गिलोय में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो सूजन और किडनी में समस्या को दूर करने में मदद करते हैं। डॉक्टर के अनुसार सुबह खाली पेट 2-3 चम्मच गिलोय जूस को एक कप पानी में मिलकर पीने से शुगर की बीमारी में लाभ होता है। इसके अलावा आप गिलोय का सेवन गिलोय सत्व के रुप में, जूस, काढ़े या चूर्ण के रूप में भी कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।