मूंगफली का सेवन इन गंभीर बीमारियों से करती है बचाव, आज से ही डाइट में करें शामिल

  • अनन्या मिश्रा
  • Mar 16, 2023

मूंगफली का सेवन इन गंभीर बीमारियों से करती है बचाव, आज से ही डाइट में करें शामिल

हृदय रोग की समस्या लोगों में बढ़ती जा रही है। इसके कारण दिल की बीमारी से होने वाली मौतों के आंकड़ों में भी तेजी से वृद्धि हुई है। आहार एवं पोषण विशेषज्ञों के अनुसार, हृदय रोग के खतरे को स्वस्थ और पौष्टिक आहार कम कर सकता है। वैज्ञानिकों की एक टीम ने भी हृदय रोग कम करने में आहार को सहायक बताया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, इस्केमिक स्ट्रोक या हृदय रोग के खतरे को मूंगफली के रोजाना सेवन से कम किया जा सकता है। दिल की बीमारी के लिए मूंगफली फायदेमंद है। 


जानिए क्या कहती है रिसर्च

जापान के लोगों पर किए गए एक अध्ययन में सामने आया कि जो व्यक्ति रोजाना मूंगफली खाता है। अन्य लोगों के मुकाबले उनका हृदय ज्यादा स्वस्थ रहता है। वहीं इससे पहले अमेरिका में भी एक शोध किया गया था। इसमें भी बताया गया कि मूंगफली के सेवन से हृदय को मजबूती मिलती है। आइए जानते हैं कि हृदय रोगियों के लिए मूंगफली कैसे फायदेमंद है।


इस्केमिक स्ट्रोक का खतरा

जापान स्थित यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ मेडिसिन में प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक सतोयो इकेहारा ने जानकारी देते हुए बताया कि एक अध्ययन में सामने आया है कि इस्केमिक स्ट्रोक का खतरे को मूंगफली के सेवन से काफी हद तक कम किया जा सकता है। अपने आहार में यदि मूंगफली को शामिल किया जाए तो गंभीर बीमारियों को होने से रोका जा सकता है। बता दें कि इस्केमिक स्ट्रोक गंभीर बीमारी है। इससे मस्तिष्क की रक्त वाहिकाओं में रक्त के थक्के बन जाते हैं। जिससे कई बार व्यक्ति की जान भी चली जाती है।


फायदेमंद है मूंगफली का सेवन

जापान में 74 हजार से अधिक पुरुषों और महिलाओं पर वैज्ञानिकों ने कई स्तर से अध्ययन किया। जिसमें मंगफूली के सेवन और हृदय रोगों के खतरे में कमी की जांच की गई। तमाम तरह से की गई जांच में पाया गया कि रोजाना सिर्फ 4-5 मूंगफली के सेवन से इस्केमिक स्ट्रोक के जोखिम को 20 फीसदी तक कम होता है। इसके अलावा सामान्य स्ट्रोक का खतरा मूंगफली के सेवन से 16 फीसदी तक कम हो सकता है। हृदय रोग के जोखिम को मूंगफली 13 फीसदी तक कम कर सकती है। 


पोषक तत्वों से भरपूर मूंगफली

स्वास्थ्य के लिए मूंगफली जरूरी तमाम पोषक तत्वों से भरपूर होती है। मूंगफली में पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड, खनिज, मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड, विटामिन और डाइड्री फाइबर आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। मूंगफली के यह पोषक तत्व बैड कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को घटाता है। इसके अलावा क्रोनिक इंफ्लामेशन और हाई-ब्लड प्रेशर के खतरे को कम कर सकते हैं। जिससे हृदय रोगों का जोखिम कम हो जाता है।


जानिए कैसे करें मूंगफली का सेवन

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, सभी लोगों को हर सप्ताह में कम से कम पांच दिन 2 बड़े चम्मच तमाम तरह के नट्स का सेवन किया जाना चाहिए। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की मानें तो पेकान, मैकाडामिया, अखरोट, काजू, और हेज़लनट्स का सेवन भी हृदय के लिए फायदेमंद होता है। इसके सेवन से भी हृदय रोग से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Tags
Peanuts Health Benefits, Peanuts, health tips, health tips in hindi, हेल्थ टिप्स, हेल्थ टिप्स इन हिन्दी, Peanuts Benefits, मूंगफली, मूंगफली का सेवन, Health benefits, Peanuts health benefits hindi, Benefits of Peanuts in Cholesterol, heart disease

Related Posts