सर्दियों में संभल कर करें इन चीज़ों का सेवन, वरना बढ़ जाएगा वजन

  • Healthy Nuskhe
  • Jan 11, 2021

सर्दियों में संभल कर करें इन चीज़ों का सेवन, वरना बढ़ जाएगा वजन

सर्दियों का मौसम खाने-पीने के लिहाज से सबसे अच्छा माना जाता है। सर्दियों के मौसम में शरीर का पाचन तंत्र मजबूत हो जाता है जिससे खाना जल्दी पच जाता है। यही कारण है कि सर्दियों में भूख ज़्यादा लगती है। सर्दियों में सुबह नाश्ते में परांठे से लेकर रात के खाने के बाद गाजर के हलवे तक, हर घर में खाने की बहुत सी स्वादिष्ट चीज़ें बनती हैं। ऐसे में सर्दियों में वजन भी तेज़ी से बढ़ने लगता है जिसके लिए आपको अपने खान-पान पर नियंत्रण रखना चाहिए। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि सर्दियों में कौन सी चीज़ें खाने से वजन बढ़ता है -     


घी/मक्खन 

सर्दियों में घी या मक्खन का सेवन अधिक किया जाता है। सर्दियों में आमूमन सभी घरों में परांठे, हलवा और लड्डू बनाए जाते हैं जिसमें घी/ मक्खन अधिक मात्रा में प्रयोग किया जाता है। घी हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है लेकिन इसका ज़्यादा सेवन करने से शरीर में चर्बी बढ़ती है। सर्दियों में वजन को नियंत्रित रखने के लिए घी या मक्खन का इस्तेमाल ज़रा संभल कर करें।


मीठा 

सर्दियों में हम गुड़, लड्डू, गजक, हॉट चॉकलेट, मिठाई आदि का अधिक सेवन करने लगते हैं। इन सभी चीज़ों में चीनी की मात्रा अधिक होती है जिससे वजन बढ़ने लगता है। अगर आप सर्दियों में वजन को बढ़ने से रोकना चाहते हैं तो मिठाई और अधिक शुगर वाली चीज़ों का सेवन सीमित मात्रा में करें। इसके अलावा आप चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल कर सकते हैं। 


तली-भुनी चीज़ें 

सर्दियों में चाट-पकौड़ी, कचौड़ी, समोसे और पूड़ी-परांठे खाने का मज़ा अलग ही है। लेकिन ये सभी तली-भुनी चीज़ें आपके बढ़ते वजन का कारण हो सकती हैं। सर्दियों में वजन को नियंत्रित रखना चाहते हैं तो तली-भुनी चीज़ों का सेवन कम करें। आप चीज़ों को फ्राई करने की जगह बेक या ग्रिल करके खा सकते हैं।  


जंक फूड 

जंक फूड का सेवन करने से भी वजन तेज़ी से बढ़ता है। सर्दियों में हम अक्सर खाना बनाने में आलस कर जाते हैं या भूख लगने पर बाहर से बर्गर या पिज़्ज़ा ऑर्डर कर लेते हैं। लेकिन जंक फूड में अधिक मात्रा में शुगर, सोडियम और सैचुरेटेड फैट की मात्रा ज़्यादा होती है जिससे मोटापा बढ़ता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका वजन नियंत्रित रहे तो जनक फूड खाने से परहेज करें। 


दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स 

सर्दियों में ठंड से बचने के लिए हम गर्म चाय-कॉफी या गर्म दूध का सेवन अधिक करते हैं। इसके अलावा खाने में पनीर, घी और मक्ख़न का इस्तेमाल भी ज़्यादा होता है जिससे वजन तेजी से बढ़ता है। सर्दियों में वजन को नियंत्रित रखने के लिए दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करना चाहिए। 


ज़्यादा कार्ब्स वाली चीज़ें 

सर्दियों में सुबह नाश्ते में भुनी हुई आलू, शकरकंद, मटर की घुँघनी आदि का सेवन बड़े चाव से किया जाता है। लेकिन इन सभी चीज़ों में कार्बोहायड्रेट की अधिक मात्रा होती है। सर्दियों में वजन को नियंत्रित रखना चाहते हैं तो इन सभी चीज़ों का सेवन सीमित मात्रा में करें।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Tags
winter diet tips, avoid eating these foods in winter, which foods cause weight gain in winters, सर्दियों में क्या खाने से वजन बढ़ता है, सर्दियों में वजन घटाने के लिए किन चीज़ों से परहेज़ करें, सर्दियों में वजन घटाने के लिए क्या नहीं खाना चाहिए

Related Posts