बदलते मौसम में कुछ इस तरह रखें अपना ध्यान, जानें क्या खाएं और क्या नहीं

  • Healthy Nuskhe
  • Jan 20, 2021

बदलते मौसम में कुछ इस तरह रखें अपना ध्यान, जानें क्या खाएं और क्या नहीं

सर्दियाँ शुरू होते ही खाँसी-जुखाम और बुखार जैसी समस्याएँ बढ़ जाती हैं। बदलते मौसम में अपनी सेहत का खास ख्याल रखना बहुता जरूरी होता है। ऐसे मौसम में संक्रमण होने का खतरा अधिक होता है इसलिए खान-पान का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। खाने की ऐसी बहुत सी चीज़ें होती हैं जिनसे हमारे शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है। ऐसी चीज़ों के सेवन से बदलते मौसम में संक्रमण व अन्य बीमारियों से बचाव होता है। वहीं, खाने की कुछ ऐसी चीज़ें भी हैं जिनका सेवन बदलते मौसम में नहीं करना चाहिए। आज के इस लेख में हम आपको बताएंगे कि बदलते मौसम में क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए -       


बदलते मौसम में खाएं ये चीज़ें 

ड्राईफ्रूट्स

बदलते मौसम में फिट और हेल्थी रहने के लिए डॉक्‍टर्स ड्राईफ्रूट्स खाने की सलाह देते हैं। ड्राईफ्रूट्स में विटामिन ई, बी कॉम्प्लेक्स, ओमेगा 3 एस, मैगनेश‍ियम, कॉपर, फ्लोराइड, जिंक, कैल्शियम, सेलेनियम और हेल्दी प्रोटीन होते हैं। ड्राईफ्रूट्स खाने से बॉडी में गर्मी आती है और दिनभर के कामों के लिए एनर्जी भी बनी रहती है।  आप मुट्ठीभर ड्राईफ्रूट्स को दिन में कभी भी ऐसे ही खा सकते हैं या ड्राईफ्रूट्स से चिक्की, लड्डू या एनर्जीबार बनाकर खा सकते हैं।


सब्जियाँ

आलू, कंद, शकरकंद, गाजर और चुकुंदर जैसी सब्जियाँ खाने से शरीर में गर्मी बढ़ती है और एनर्जी भी मिलती है। इन सभी सब्जियों में भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स, विटामिन ए, सी, मिनरल्स, आयरन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो शरीर को गंभीर बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। आप इन सब्जियों को सलाद, सूप या सब्जी के रूप में खा सकते हैं।  


अंडे

बदलते मौसम में नियमित रूप से अंडे का सेवन करना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन ए, बी12, बी6, ई, कैल्शियम, आयरन, पोटेशियम, सेलिनियम, फैटी एसिड और प्रोटीन्स की अच्छी मात्रा मौजूद होती है।  आप सुबह के नाश्ते में उबले अंडे ले सकते हैं या ऑमलेट बना कर खा सकते हैं।  इससे आपको दिनभर काम करने के लिए एनर्जी भी मिलेगी।  


खजूर

खजूर ना केवल खाने में स्वादिष्ट होता है बल्कि यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन ए, बी के अलावा पोटैशियम, मैग्नीशियम की भरपूर मात्रा मौजूद होती है। बदलते मौसम में खजूर का सेवन करने से शरीर को अंदर से गर्मी मिलती है। नियमित रूप से खजूर खाने से शरीर में फाइबर की कमी दूर हो जाती है। इसके साथ ही यह खून में हीमोग्लोबिन के स्तर को भी नियंत्रित रखता है।


गुड़

बदलते मौसम के मौसम में गुड़ खाना बहुत फायदेमंद होता है। यह शरीर में खून की कमी को दूर कर के इसको साफ करने में भी मदद करता है।  गुड़ में भरपूर मात्रा में आयरन, फास्फोरस, कॉपर, मैग्नीशियम, कैल्शियम आदि भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। साथ ही गर्म दूध के साथ गुड़ खाने से वजन भी कम होता है।


तिल

तिल की तासीर गर्म होती है, जिस वजह से बदलते मौसम में हेल्दी रहने के लिए तिल खाना बहुत जरूरी होता है। तिल में मोनो- सैचुरेटेड फैटी एसिड पाया जाता है, जो शरीर में कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। साथ ही तिल में एंटी- बैक्टीरियल तत्व मौजूद होते हैं, जो घाव को जल्दी भरते हैं।


हल्दी

हल्दी को औषधीय गुणों का खजाना माना जाता है। इसमें एंटी-इंफ्लामेटरी, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल। हल्दी का सेवन करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और संक्रमण से बचाव होता है। बदलते मौसम में गर्म दूध में हल्दी डालकर पीने से बहुत फायदा होता है।  


बदलते मौसम में ना खाएं ये चीज़ें 

मीठा 

बदलते मौसम में अधिक मीठा खाने से भी परहेज करना चाहिए। डॉक्टर्स के अनुसार ज्यादा मीठा खाने से शरीर का इम्यून सिस्टम कमजोर होता है। एक स्टडी के मुताबिक, जो लोग ज्यादा मीठा खाते हैं, उनमें बैक्टीरिया के कारण होने वाली बीमारियों से लड़ने की क्षमता खत्म हो जाती है।


तली-भुनी चीज़ें 

बदलते मौसम में चाट-पकौड़ी, कचौड़ी, समोसे और पूड़ी-परांठे खाने का मज़ा अलग ही है। लेकिन ये सभी तली-भुनी चीज़ें आपके बढ़ते वजन का कारण हो सकती हैं। बदलते मौसम में वजन को नियंत्रित रखना चाहते हैं तो तली-भुनी चीज़ों का सेवन कम करें। आप चीज़ों को फ्राई करने की जगह बेक या ग्रिल करके खा सकते हैं।  

 

जंक फूड 

जंक फूड का सेवन करने से भी वजन तेज़ी से बढ़ता है। बदलते मौसम में हम अक्सर खाना बनाने में आलस कर जाते हैं या भूख लगने पर बाहर से बर्गर या पिज़्ज़ा ऑर्डर कर लेते हैं। लेकिन जंक फूड में अधिक मात्रा में शुगर, सोडियम और सैचुरेटेड फैट की मात्रा ज़्यादा होती है जिससे मोटापा बढ़ता है। अगर आप चाहते हैं कि आपका वजन नियंत्रित रहे तो जनक फूड खाने से परहेज करें। 

 

दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स 

बदलते मौसम में ठंड से बचने के लिए हम गर्म चाय-कॉफी या गर्म दूध का सेवन अधिक करते हैं। दूध हमारी सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है लेकिन आपको यह जानकार हैरानी होगी कि सर्दी के मौसम में दूध का सेवन आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, दूध की तासीर ठंडी होती है। इस कारण सर्दी में दूध का सेवन करने से शरीर में कफ बनने लगता है। जिन लोगों को पहले से कफ की शिकायत होती है उनमें दूध पीने से परहेज करना चाहिए। 


कैफीन और हॉट चॉकलेट 

बदलते मौसम में कॉफी, चाय, हॉट चॉकलेट पीना ज्यादातर लोगों को पसंद होते हैं। सर्दी के मौसम में लोग इन चीज़ों का सेवन अधिक करते हैं क्योंकि ये चीजें सर्दी में गर्माहट का एहसास कराती हैं। लेकिन चाय-कॉफी या हॉट चॉकलेट का ज़्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। दरअसल, इन सभी चीजों में मौजूद फैट और कैफीन शरीर को डी- हाइड्रेट कर देता है, जिसके कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Tags
diet during changing weather, what to eat during changing weather, what not to eat during changing weather, बदलते मौसम में डाइट, बदलते मौसम में क्या खाएं, बदलते मौसम में क्या नहीं खाना चाहिए

Related Posts