मज़बूत मसल्स के लिए ज़रूरी प्रोटीन डाइट, वज़न घटाने के लिए भी है बेहद फ़ायदेमंद

  • prabhasakshi
  • Mar 21, 2022

मज़बूत मसल्स के लिए ज़रूरी प्रोटीन डाइट, वज़न घटाने के लिए भी है बेहद फ़ायदेमंद

आजकल लोग अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देने लगे हैं। हर कोई चाहता है कि उसका शरीर स्वस्थ और मजबूत बने। हालांकि इसके लिए आपको खान-पान का भी ख्याल रखने की जरूरत होती है। अगर आप वर्कआउट करते हैं तो शरीर के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी होता है। प्रोटीन से शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाने में मदद मिलती है। प्रोटीन से मांसपेशियों को ताकत मिलती है और नई सेल्स बनती हैं। वजन कम करने और बढ़ाने के लिए प्रोटीन का सही मात्रा में सेवन करना जरूरी है। आप खान-पान से प्रोटीन की कमी को पूरा कर सकते हैं। जो लोग मसल्स बनाने या बॉडी-बिल्डिंग का शौक रखते हैं, उनके लिए प्रोटीन की ज्यादा जरूरत होती है। जिम जाने वाले कई लोग प्रोटीन सप्लीमेंट्स भी लेते हैं। सही खानपान से आप स्वस्थ रहते हैं, हर कोई यह जानता है। बात की शुरुआत इस विषय के साथ करते हैं कि हेल्दी मांसपेशियां यानी मसल्स क्यों जरूरी है और इनके लिए हमें उचित मात्रा में प्रोटीन क्यों लेना चाहिए। दरअसल भोजन से मिलने वाले प्रोटीन के साथ फैट और कार्ब्स भी शरीर में जाता है। ऐसे में सिर्फ प्रोटीन लेने के लिए व्हे प्रोटीन (Whey Protein) अच्छा सप्लीमेंट है। इसे सबसे फायदेमंद प्रोटीन सप्लीमेंट माना जाता है।

व्हे प्रोटीन के फायदे

1. व्हे प्रोटीन से शरीर में मौजूद टॉक्सिन बाहर निकल जाते हैं। व्हे प्रोटीन में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ने में मदद करने वाले एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं।

2. व्हे प्रोटीन से शरीर में प्रोटीन की कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता हैं। इससे वजन घटाने की प्रक्रिया आसान हो जाती है। व्हे प्रोटीन में कैलोरी बहुत कम होती है और इससे मेटाबॉलिज्म मजबूत बनता है।

3. जिम जाने वाले या एक्सरसाइज करने वाले लोगों के लिए प्रोटीन की कमी को पूरा करता है। व्हे प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत बनाने और हेल्दी वेट मेंटेन करने में मदद करता है।

4. व्हे प्रोटीन से शरीर में सभी जरूरी एमिनो एसिड्स की कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता है। व्हे प्रोटीन में सबसे अहम ग्लूटाथियोन एंटीऑक्सीडेंट होता है, जो एमिनो एसिड से बनता है।

5. डायबिटीज होने पर कार्ब्स कम और प्रोटीन ज्यादा लेने की सलाह दी जाती है। व्हे प्रोटीन के सेवन से इंसुलिन के लेवल को बढ़ाने और ब्लड शुगर को कम करने में मदद मिलती है। इससे शरीर में कार्ब्स और फैट बिल्कुल नहीं जाता, जो डायबिटीज के रोगियों के लिए फायदेमंद है।

6. व्हे प्रोटीन को क्रोहन्स और कोलाइटिस जैसी बीमारियों से लड़ने में अहम माना जाता है। इसके सेवन से इंफ्लेमेशन की समस्या कम हो जाती है। 

मांसपेशियां बनती है शरीर को मजबूत

हमें स्वस्थ रखने में शरीर के अन्य हिस्सों और अंगों की ही तरह मांसपेशियां भी बड़ी भूमिका निभाती हैं। मांसपेशियां स्वस्थ हों तो आपका शरीर मजबूत बना रहता है, आप अपने रोजमर्रा के हर काम आसानी से कर पाते हैं। मांसपेशियां मजबूत होने से हमारे शरीर के जॉइंट्स यानी हड्डियों के जोड़ भी अच्छी हालत में रहते हैं। अगर हमारे घुटने या कंधे के आसपास की मांसपेशियां कमजोर हों तो उन हिस्सों में खराबी की आशंका अधिक हो जाती है।

हड्डी से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम

मजबूत मासपेशियों से हमारा संतुलन बना रहता है और फिसलने या गिरने की संभावना कम हो जाती है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस और हड्डी से जुड़ी अन्य बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। अतिरिक्त शारीरिक क्षमता के अलावा पर्याप्त मांसपेशियां अतिरिक्त वजन को नियंत्रित रखने में भी सहायक है। लेकिन अनायास रूप से अपने भोजन में केवल कुछ प्रोटीन शामिल कर लेने और व्यायाम नहीं करने से कोई लाभ नहीं होता। मजबूत और तंदुरुस्त मांसपेशियों के लिए प्रोटीन से भरपूर भोजन और व्यायाम तथा शारीरिक परिश्रम बेहद ज़रूरी है। इनमें से केवल कोई एक करने से लाभ नहीं होगा।

बैलेंस्ड डाइट

मांसपेशियों के सही ढंग से काम करते रहने के लिए प्रोटीन की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। लेकिन प्रोटीन के साथ-साथ मिनरल, विटामिन्स और कार्बोहाइड्रेट्स का भी अपना महत्व होता है। वजन कम करना या वजन घटाना हो, सभी के लिए डाइट अलग-अलग होती है। वर्कआउट करने वाले लोगों को खासतौर पर प्रोटीन काम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट युक्त डाइट लेनी चाहिए। वर्कआउट करने और मसल्स बनाने के लिए शरीर को संतुलित भोजन की आवश्यकता होती है। लेकिन खासतौर पर बॉडी बिल्डिंग और मसल्स बनाने के लिए प्रोटीन की जरूरत सबसे ज्यादा होती है। इसके लिए प्रोटीन शेक या सप्लीमेंट्स का सहारा न लें क्योंकि इसके नुकसान अधिक हैं।अगर आप वर्कआउट के साथ अपना वजन बढ़ाना चाहते हैं तो आपको हाई प्रोटीन डाइट लेनी चाहिए। अगर आप अपनी बॉडी को मेनटेन रखना चाहते हैं यानी न अपना वजन बढ़ाना चाहते हैं और न ही घटाना, तो आपको बैलेंस डाइट लेनी चाहिए। इसके लिए आपकी डाइट में 50 से 60 प्रतिशत काबरेहाइड्रेट, 10 से 15 प्रतिशत प्रोटीन और 25 से 30 प्रतिशत वसा होना चाहिए। वजन कम करना हैं, तो कम कार्बोहाइड्रेट वाली डाइट लेनी चाहिए।

प्रोटीन के नेचुरल सोर्सेज 

1. हरी सब्जियां

पालक और अन्य हरी सब्जियां मसल्स के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं। सब्जियों में एंटीऑक्सीडेंट्स भारी मात्र में पाए जाते हैं, इसलिए मसल्स के लिए सब्जियां बहुत जरूरी हैं। भारी वर्कआउट करने के बाद मसल्स को आराम की जरूरत होती है। ये सब्जियां मसल्स को रिलेक्स करने में भी मदद करती हैं।

2. अनाज

यदि उचित मात्र में कार्बोहाइड्रेट्स न मिले, तो ऊर्जा के लिए मांसपेशियों का टूटना शुरू हो जाता है। इसलिए हमारे शरीर को कार्बोहाइड्रेट्स की आवश्यकता होती है, जो सभी तरह के अनाज जैसे चावल, गेंहू, बाजरा, दलिया आदि से मिलता है। अगर आपके पास ऊर्जा अधिक होगी तो ही आप ज्यादा व्यायाम कर पाएंगे।

3. फल

फल हमारे शरीर के लिए बेहद आवश्यक होते हैं। संतरा और सेब मांसपेशियों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण फल हैं। संतरे में विटामिन बी और सेब में पेक्टिन पाया जाता है जो मांसपेशियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  

4. मांस

मांस, चिकन और टर्की लीन मीट प्रोटीन के सबसे अच्छे स्रोत हैं। इनमें प्रोटीन के साथ-साथ अमीनो एसिड भी प्रचुर मात्र में उपलब्ध होता है जो हमारे शरीर के मसल्स को बनाने में मदद करते हैं।

5. सूखे मेवे

सूखे मेवों मे प्रोटीन अधिक मात्र में होता है। हालांकि इनमें फैट भी अच्छी मात्र में होता है, लेकिन ये स्वास्थ्य के लिए हानिकारक नहीं होता। सप्ताह में लगभग 15-20 बादाम, काजू, अखरोट आदि का सेवन करना काफी है।

पानी भी है जरूर

हमारे शरीर में 70 प्रतिशत पानी होता है। पानी हमारे जोड़ों, मांसपेशियों आदि में नमी बनाए रखता है। इसकी कमी से जोड़ों व मांसपेशियों में जकड़न, दर्द आदि हो सकता है जो वर्कआउट के दौरान बाधा बन सकता है। इसके अलावा पानी शरीर से रासायनिक विषैले पदार्थों को निकालने में भी मदद करता है। पर्याप्त मात्र में पानी का सेवन करने से त्वचा भी कोमल बनी रहती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Tags
Balanced Diet, Protein, Whey Protein Benefits, Muscles Gain, Health Care, Natural Protein, Health Tips, Workout and Fitness, Gym and Exercise, Lifestyle

Related Posts