पके कटहल के अनगिनत फायदे, बढ़ाता है इम्युनिटी और ह्रदय को भी रखता है स्वस्थ

  • prabhasakshi
  • Mar 24, 2022

पके कटहल के अनगिनत फायदे, बढ़ाता है इम्युनिटी और ह्रदय को भी रखता है स्वस्थ

कटहल को सब्जी कहें या फल, यह कन्फ्यूजन लगभग सभी के मन में होता है। चाहे इसे जो भी मानें इससे कटहल खाने के फायदे नहीं बदलने वाले हैं। कटहल एक ट्रॉपिकल या उष्णकटिबंधीय फल है, जो मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिम भारत में पाया जाता है। इस फल का वैज्ञानिक नाम आर्टोकार्पस हेटेरो फिल्लस है। कटहल आकार में छोटे और बड़े दोनों प्रकार के हो सकते हैं। इस फल की बाहरी त्वचा नुकीली होती है। कटहल को दुनिया के चुनिंदा सबसे बड़े और भारी फलों में गिना जाता है। यह फल पकने पर बहुत ही मीठा और स्वादिष्ठ लगता है। पकने पर यह फल अंदर से पीला हो जाता है, जिसे लोग बहुत चाव से खाते हैं। पका हुआ कटहल में एक अलग स्वाद होता है। यहां हम बता दें कि कहटल का फल ही नहीं कटहल का बीज भी सेहत के लिए फायदेमंद होता है। कटहल शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद है। कटहल को लोग कई प्रकार से बनाते हैं और खाते हैं। पर ज्यादातर लोग कटहल को एक सब्जी की तरह ही खाते हैं। लेकिन आज हम कच्चे कटहल की नहीं बल्कि पके हुए कटहल की बात करेंगे। दरअसल, पका हुए कटहल को आप एक फल की तरह खा सकते हैं। ये विटामिन ए, विटामिन सी, थायमिन, राइबोफ्लेविन, कैल्शियम, पोटेशियम, फास्फोरस, आयरन, सोडियम, जिंक और नियासिन सहित कई अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होता हैं । इतना ही नहीं पके हुए कटहल में फाइबर के गुण भी पाए जाते हैं जो पाचन को बेहतर करने में मदद करते हैं। इसके अलावा पके हुए कटहल खाने के फायदे कई हैं। कोरोना के इस काल में जहा हमें सोशल डिस्टन्सिंग और मास्क पहनने को कहा जा रहा है उसी प्रकार शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाने के लिए भी कहा जा रहा है। दरअसल इस समय सेहत का खास ख्याल रखना बहुत जरूरी है। इस समय कटहल (Jackfruit) पोषक तत्वों से भरपूर एक मौसमी सब्जी है जिसे खाने से शरीर को कई प्रकार की बीमारियों से दूर रखने में मदद मिलती है। लेकिन क्या आपको पता है कि कच्चा कटहल खाने से भी ज्यादा पका हुआ कटहल खाना हेल्थ के लिए बहुत ही अच्छा होता है। आइए जानते हैं कोरोना काल में क्यों खाना चाहिए पका हुआ कटहल -

1. कैंसर में फायदा

कैंसर जैसी गंभीर समस्या की रोकथाम के लिए कटहल का सेवन करना फायदेमंद साबित हो सकता है। इस पर हुए एक शोध से जानकारी मिलती है कि कटहल लिग्नांस, आइसोफ्लेवोंस और सैपोनिन जैसे फाइटोन्यूट्रिएंट्स से समृद्ध होता है, जो एंटी कैंसर गुण प्रदर्शित कर सकता है। इसका यह गुण कैंसर की रोकथाम में मदद कर सकता है। यही नहीं, एक अन्य अध्ययन में भी साफ तौर से इस बात का जिक्र मिलता है कि कटहल डायटरी फाइबर से समृद्ध होता है, जो कोलन व अन्नप्रणाली के साथ-साथ पेट के कैंसर की रोकथाम में भी मदद कर सकता है।

2. हृदय को स्वस्थ रखता है

हृदय को स्वस्थ रखने के लिए भी कटहल का सेवन किया जा सकता है। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि कटहल में मौजूद विटामिन बी 6 रक्त में होमोसिस्टीन के स्तर को कम करने में मदद करता है, जिससे हृदय रोग का खतरा कम हो सकता है। होमोसिस्टीन वो तत्व है, जो हृदय रोग के जोखिम को बढ़ा सकता है। वहीं, शोध में इस बात की भी पुष्टि मिलती है कि कटहल पोटेशियम से भी समृद्ध होता है जो रक्तचाप को कम कर हृदय रोग और स्ट्रोक से भी सुरक्षा प्रदान कर सकता है।

3. इम्युनिटी बूस्टर

इम्यून सिस्टम को मजबूत बनने के लिए भी कटहल का सेवन करना लाभकारी सिद्ध हो सकता है। एक रिसर्च के अनुसार कटहल का सेवन करने पर यह एंटीऑक्सीडेंट क्षमता और लैक्टिक एसिड को बढ़ाता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मददगार हो सकते हैं। इसके साथ ही एक अन्य शोध के मुताबिक कटहल में विटामिन ए और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले एजेंट के रूप में जाने जाते हैं। साथ इस शोध में यह दावा किया गया है कि वायरल संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए भी कटहल का सेवन करना लाभकारी सिद्ध हो सकता है।

4. पाचन के लिए

पाचन को बेहतर बनाने के लिए भी कटहल के फायदे देखे गए हैं। एक रिसर्च के अनुसार कटहल फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है, जो पाचन स्वास्थ्य में मुख्य भूमिका निभा सकता है। फाइबर कब्ज की समस्या को रोक सकता है और मल त्याग को सुचारू बनाने में भी मदद कर सकता है। साथ ही यह आंतों की बेहतर सफाई और पाचन तंत्र से विषाक्त पदार्थों को निकालने में भी काफी हद तक मददगार साबित हो सकता है।

5. एनीमिया से बचाव के लिए

एनीमिया की समस्या से बचाव के लिए भी कटहल का सेवन करना लाभकारी सिद्ध हो सकता है। दरअसल, शरीर में आयरन की कमी को एनीमिया का सबसे मुख्य कारण माना जाता है। वहीं, कटहल आयरन से समृद्ध होता है। इस आधार पर देखा जाए तो एनीमिया के लिए डाइट चार्ट में कटहल को शामिल करना फायदेमंद साबित हो सकता है।

6. हड्डियों को स्वस्थ रखे

सेहत के साथ-साथ हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए भी कटहल के फायदे देखे गए हैं। दरअसल, इसमें पाया जाने वाला पोटेशियम हड्डियों को नुकसान पहुंचाने से बचा सकता है। इसके अलावा, इसमें मैग्नीशियम की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है। मैग्नीशियम, कैल्शियम के अवशोषण के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और हड्डियों को मजबूत करने में मदद कर सकता है। साथ ही यह हड्डियों से संबंधित विकारों जैसे ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में भी मदद कर सकता है।

7. थायराइड को कम करें

थायराइड की समस्या में कटहल अहम भूमिका निभा सकता है। कटहल कॉपर का एक अच्छा स्रोत है, जो थायराइड मेटाबॉलिज्म को बनाने में मदद करता है। इसके अलावा, कॉपर थायराइड विकारों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार हाइपोथायरायडिज्म के मरीजों के लिए विटामिन-सी महत्वपूर्ण तत्व हो सकता है। हाइपोथायरायडिज्म ऐसी चिकित्सीय स्थिति है, जिसमें थायराइड ग्रंथि पर्याप्त थायराइड हार्मोन का उत्पादन नहीं करती है। ऐसे में माना जा सकता है कि कटहल हाइपोथायरायडिज्म की समस्या को कम करने में मददगार हो सकता है।

8. मधुमेह के लिए

मधुमेह की समस्या को नियंत्रित करने के लिए भी कटहल के गुण देखे जा सकते हैं। दरअसल, कटहल विटामिन-बी से समृद्ध होता है, जो मधुमेह रोगियों के लिए इंसुलिन में सुधार कर सकता है। इसके अलावा, कटहल में एंटीडायबिटिक प्रभाव भी मौजूद होता है जो मधुमेह की समस्या को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। यही नहीं, आयुर्वेदिक और पारंपरिक चिकित्सा के अनुसार, कटहल के पत्तों को भी गर्म पानी में उबालकर पीने से ब्लड शुगर को कम करने में मदद मिल सकती है। इस आधार पर डायबिटीज के आहार के रूप में कटहल को शामिल करना बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है।

9. ब्लड प्रेशर को करें नियंत्रित

ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए भी कटहल फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, कटहल पोटेशियम से समृद्ध होता है, जो ब्लड प्रेशर को कम कर सकता है। साथ ही यह सोडियम के प्रभाव को कम करने में भी सहायता कर सकता है, जो ब्लड प्रेशर के वृद्धि का कारण माना जाता है। वहीं, कटहल में पोटेशियम की मात्रा ज्यादा और सोडियम की मात्रा कम होती है इसलिए जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर की समस्या होती है उनको कटहल को अपने आहार में जरूर शामिल करना चाहिए।

10. आंखों के लिए

कटहल का सेवन आंखों के लिए भी लाभदायक हो सकता है। दरअसल, यह विटामिन ए से भरपूर होता है, जो आंखों की रोशनी को बनाए रखने के लिए अच्छा माना जाता है। साथ ही यह मोतियाबिंद की समस्या और धुंधली दृष्टि की समस्या से भी बचाने में मदद कर सकता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


Tags
Health Tips, Healthy Tips, Corona Health and Fitness, Benefits of Jackfruit, Jackfruit for health, Ripe Jackfruit, Health and Fitness, Kathal ke Fayde

Related Posts