सर्दियों में अंडा खाते समय बरतें ये सावधानियाँ, नहीं तो होगा सेहत को नुकसान
- Healthy Nuskhe
- Jan 09, 2021

संडे को या मंडे, रोज़ खाओ अंडे.. यह कहावत आपने भी सुनी होगी। अंडा हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह प्रोटीन का बहुत अच्छा सोर्स है इसीलिए जिम जाने वाले लोग अंडा का सेवन अधिक करते हैं। इससे मांसपेशियां मजबूत बनती हैं। इसके साथ ही अंडे में विटामिन बी 12 और विटामिन डी मौजूद होता है जिसकी जरूरत सर्दियों में ज़्यादा होती है।अंडा खाने से शरीर में गर्माहट आती है और दिनभर के कामों के लिए ऊर्जा भी मिलती है। लेकिन सर्दियों में अंडे का सेवन करते समय आपको कुछ सावधानियाँ बरतनी चाहिए। कई बार अंडा पकाते समय हम ऐसी गलतियाँ करते हैं जो हमारी स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचती है। आज के इस लेख में हम आपको इस बारे में जानकारी देंगे -
अंडे की जर्दी को ना फेंके
आमतौर पर लोगों में यह धारणा होती है कि अंडे का सिर्फ सफेद भाग ही खाना चाहिए। लोगों को लगता है कि अंडे के पीले भाग यानी जर्दी में अनहेल्दी फैट होता है इसलिए ज्यादातर लोग इसे फेंक देते हैं। हालाँकि, ऐसा सोचना गलत है। दरअसल, अंडे के पीले भाग में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होती है लेकिन यह ट्रांस फैट और सैच्यूरेटेड फैट की तरह कोलेस्ट्रॉल के हाई लेवल को पार नहीं करता है। इसके अलावा, इसमें विटामिन बी 2, बी 12 और डी, फोलेट, फास्फोरस, सेलेनियम, कैल्शियम और जिंक जैसे पोषक तत्वों की प्रचुर मात्रा होती है। इसलिए आप अंडे की जर्दी फेंकने की गलती ना करें।
अंडा पकाने के लिए चुनें सही तेल
कई लोग उबला हुआ अंडा पसंद करते हैं तो कुछ लोगों को ऑमलेट या एग करी खाना पसंद होता है। कुछ लोग अंडे को पकाने के लिए मक्खन या रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल करते हैं। आप अंडे को पकाने के लिए किस प्रकार के फैट का इस्तेमाल कर रहे हैं यह भी बहुत मायने रखता है। सैचुरेटेड और ट्रांस फैट से हार्ट अटैक व हाई कोलेस्ट्रॉल जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए अंडा पकाने के लिए ऑलिव ऑयल और नारियल के तेल जैसे हेल्दी ऑप्शन का इस्तेमाल करें।
अंडे को सही तरह से पकाएँ
अंडे को हमेशा अच्छी तरह से पका कर ही खाना चाहिए। कई बार अंडा कच्चा ही रह जाता है तो कई बार हम अंडे को बहुत ज़्यादा पका लेते हैं। अंडे को ज़्यादा पकाने से उसमें मौजूद पौष्टिक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इसके अलावा कई बार हम अंडे को जल्दी पकाने के लिए तेज आंच पर पकाते हैं। ऐसा करने से अंडे में मौजूद कोलेस्ट्रॉल ऑक्सीडाइज्ड होकर ऑक्सिस्टेरोल नामक तत्व का उत्पादन कर सकता है जो हमारे दिल के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख के सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन सुझावों और जानकारी को किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर न लें। किसी भी बीमारी के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।